कंप्रेशर टंकी फटने से मिस्त्री की मौत, दर्दनाक हादसा : बाइक में हवा भरते समय हुआ जोरदार धमाका, मौके पर ही गई जान

सतना यश भारत।जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजौला में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बाइक में हवा भरते समय कंप्रेशर टंकी फटने से 42 वर्षीय पंचर मिस्त्री रामकिशोर प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकिशोर प्रजापति वार्ड क्रमांक 12 स्थित हनुमान मंदिर के पास पिछले कई वर्षों से एक मड़ैया में कंप्रेशर मशीन लगाकर वाहनों के पंचर बनाने और हवा भरने का काम करते थे। शुक्रवार दोपहर वह एक बाइक के टायर में हवा भरने के बाद पंचर की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान जब वे मड़ैया के अंदर रखी कंप्रेशर मशीन की नॉब बंद करने पहुंचे, तभी अचानक टंकी में तेज दबाव के कारण जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भयानक था कि कंप्रेशर मशीन के परखच्चे उड़ गए और रामकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय मौजूद बाइक चालक बाल-बाल बच गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बाइक चालक के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कंप्रेशर टंकी में अत्यधिक हवा का दबाव बनने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







