दुल्हन के साथ मतदान करने पहुंचा दूल्हा : मतदाता जागरूकता का दिया संदेश,दुल्हन बोली-सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो
सिवनी यश भारतl मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में आज शुक्रवार 19 अप्रैल को मतदान हो रहे हैं। और सिवनी में भी लोग वोट डालने पहुंच रहे हैं। जहां विवाह के बाद दुल्हन की विदाई से पहले दूल्हा दुल्हन के साथ वोट डालने पहुंचा। और मतदान का संदेश दिया। सिवनी के रहने वाले लवकेश उर्फ गप्पू तिवारी का विवाह रात्रि में सम्पन्न हुआ। और आज दुल्हन को विदा कराने के पहले मतदान केंद्र पहुंचे।
लवकेश ने बताया की मतदान करना सबकी जिम्मेदारी है। इसलिए सारे काम छोड़कर सभी लोगो को पहले मतदान करना चाहिए। इसलिए में अपनी पत्नी को विदा कराने के पहले मतदान केंद्र लेकर आया हूँ। ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता निभा सकू। सिवनी मुख्यालय के मरझोर स्थित मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंचे नवविवाहित जोड़े को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। जिनसे दुल्हन अनुराधा ने कहा कि में सारे काम छोड़कर अपने पति को मतदान कराने साथ लेकर आई हूं। और हर अच्छे – बुरे समय मे उनका साथ दूंगी। आप सभी लोग भी स्वयं मतदान करें और लोगो को मतदान के लिए जागरूक करें।
आज हो रहे निर्वाचन में बालाघाट -सिवनी लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी से भारती पारधी, कांग्रेस से सम्राट अशोक सरस्वार, बसपा से कंकर मुंजारे सहित अन्य पार्टी व निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत आज ईव्हीएम में कैद हो जाएगी। जिले के 1407 मतदान केन्द्रों मतदान किया जा रहा है। बरघाट में 310, सिवनी में 337, केवलारी में 353 तथा लखनादौन में 407 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। और 6253 मतदान कर्मियों की डियूटी लगाई गई है। जहां 1081052 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं।