रामराज लोक में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस का PWD पर हमला

रामराज लोक में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस का PWD पर हमला
52 रुपये वर्ग फीट का पत्थर 300 रुपये में खरीदे जाने का दावा, निष्पक्ष जांच की मांग
भोपाल/ओरछा, यश भारत। ओरछा में निर्माणाधीन रामराज लोक परियोजना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और लोक निर्माण विभाग पी डब्ल्यू डी के अधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने दावा किया कि परियोजना में निर्माण सामग्री की खरीद में भारी अनियमितताएं हुई हैं, जिससे करोड़ों रुपये के घोटाले की आशंका है।
मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि बाजार में करीब 52 रुपये प्रति वर्ग फीट मिलने वाला पत्थर पी डब्ल्यू डी अधिकारियों द्वारा लगभग 300 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से खरीदा गया। उन्होंने कहा कि यह खरीद एक समिति के माध्यम से अधिकारियों की मिलीभगत से की गई, जिसमें कम कीमत की सामग्री को कई गुना अधिक दर पर लिया गया। कांग्रेस नेता के अनुसार, इस कथित घोटाले में सरकारी धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसी तरह की अनियमितताएं उज्जैन के महाकाल लोक, सलकनपुर के देवी लोक और दमोह के बांदकपुर स्थित जागेश्वर लोक जैसी धार्मिक परियोजनाओं में भी सामने आई हैं।
मुकेश नायक ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से जुड़े दस्तावेज और सबूत जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। कांग्रेस ने रामराज लोक सहित अन्य धार्मिक परियोजनाओं की खरीद और निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
प्रेस वार्ता
मुकेश नायक, अध्यक्ष, मीडिया विभाग, कांग्रेस







