भोपालमध्यप्रदेश

अर्नब का खतरा: 25-26 सितंबर को चक्रवात और मूसलाधार बारिश का अलर्ट, गणेश विसर्जन की तैयारियों पर असर

अर्नब का खतरा: 25-26 सितंबर को चक्रवात और मूसलाधार बारिश का अलर्ट, गणेश विसर्जन की तैयारियों पर असर

भोपाल, यशभारत। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ मौसमी तंत्र तेजी से गंभीर रूप ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र  के अनुसार, खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन आगामी 24 घंटों में और अधिक तीव्र होकर चक्रवाती तूफान अर्नब में तब्दील हो जाएगा। इस सिस्टम के प्रभाव से 23 से 26 सितंबर के दौरान पूरे मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इस मौसमी बदलाव का सबसे बड़ा असर 25 और 26 सितंबर को होने वाले अनंत चतुर्दशी (गणेश विसर्जन) के कार्यक्रमों पर पड़ने की आशंका है।

हवा की रफ्तार और मौसम की श्रेणी:
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 52 से 61 किमी/घंटे की रफ्तार वाला तंत्र डीप डिप्रेशन कहलाता है, जो 63 किमी/घंटे की गति पार करते ही चक्रवाती तूफान का रूप ले लेता है। इसके असर से प्रदेश में 40 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली चमकने के आसार हैं।

जिलेवार बारिश और अलर्ट की स्थिति:

23-24 सितंबर: छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित अधिकांश जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट।
24-25 सितंबर: सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और छतरपुर जिलों में भारी वर्षा की संभावना।
25-26 सितंबर (विसर्जन के दिन): सतना, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में ‘अति भारी बारिश’ की चेतावनी जारी की गई है। वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, बैतूल और शहडोल समेत 17 से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।

प्रशासन की अलर्ट मोड पर तैयारी:
गणेश विसर्जन के दौरान नदी-नालों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों (SDRF/होमगार्ड) को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश के दौरान जलस्रोतों के समीप जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button