जनता की नब्ज पहचानने कांग्रेस जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग, पचमढ़ी में आयोजित संगठन सृजन प्रशिक्षण में शामिल हुए कटनी की कांग्रेस के मुखिया, कल राहुल गांधी के साथ भोजन

कटनी, यशभारत। संगठन सृजन कार्यक्रम’ के अंतर्गत पचमढ़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्षों को महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 2 से 11 नवंबर तक आयोजित इस विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम में कल कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहुंच रहे हैं। वे प्रदेश भर से पचमढ़ी पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्षों के परिवार के साथ भोजन करते हुए परिवारभाव और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे। कटनी के दोनों अध्यक्ष इस प्रशिक्षण का हिस्सा बने हैं। कांग्रेस का यह संपर्क एवं संवाद अभियान’ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि इस पहल से न केवल संगठन की पकड़ गांवों में मजबूत होगी, बल्कि जनता के बीच कांग्रेस की सक्रियता भी बढ़ेगी।
प्रशिक्षण में शामिल कटनी जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने यशभारत को बताया कि प्रतिदिन अलग अलग विषयों पर फोकस किया जा रहा है। इस दौरान काग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद होते हैं। इस ट्रेनिंग के तहत उन्हें पचमढ़ी के समीपस्थ ग्रामों का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें गाँव की समस्याओं को समझने और ग्रामवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने के गुर सिखाए गए। यह कवायद जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने की कांग्रेस को व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
संवाद और समस्या समाधान पर जोर
डीसीसी प्रेसिडेंट अमित शुक्ला ने बताया कि जिला अध्यक्षों ने भ्रमण के दौरान ग्रामवासियों से खुलकर चर्चा चर्चा की। उन्हें सिखाया गया कि कैसे गांव की बुनियादी समस्याओं जैसे पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को पहचानें और उनके समाधान के लिए पार्टी के एजेंडे को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। गाँव की समस्याओं और संवाद के अलावा, जिला अध्यक्षों को कई अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी गहन प्रशिक्षण दिया गया, जो उन्हें ग्रामीण राजनीति और संगठन संचालन में कुशल बनाएंगे।
बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची का अध्ययन
बूब स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की टीम को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और विसंगतियों को दूर करने को प्रक्रिया समझना आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डोर-टू-डोर (घर-घर) प्रचार की रणनीति कैसे बनाई जाए तथा उस पर किस तरह अमल किया जाए इस बात को ट्रेनिंग दी गई। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका क्रियान्वयन पर भी चचर्चा की गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि जिलाध्यक्ष को केंद्र और राज्य सरकार को ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की पूर्ण जानकारी रखना जरूरी है। साथ ही लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ न पहुंचने के कारणों को पहचानना और इस मुद्दे को उठाना। योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय प्रशासन की कमियों को उजागर करना भी शामिल है। इसके अलावा गाँव के विभिन्न सामाजिक वर्गों जाति, धर्म, समुदाय के बीच संतुलन और समन्वय स्थापित करना आदि का प्रशिक्षण दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को पार्टी गंभीरता से ले रही है और उन्हें दूर करने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव आम जनता की आवाज को सशक्त रूप से उठाती रही है और आगे भी ग्रामीण व आदिवासी हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।








