रैपुरा के डोभा ग्राम में आकाशीय बिजली गिरने से 4 बकरियों की मौत, वृद्ध महिला भी गंभीर रूप से घायल

कटनी, यशभारत। कटनी से सटे रैपुरा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम डोभा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। आज दोपहर ग्राम डोभा के ‘मगरकछा हार’ में तेज कड़क के साथ आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से चार बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 50 वर्षीय वृद्ध महिला मस्त रानी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। ग्राम डोभा निवासी चंद्रपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा अपराह्न लगभग 3:00 बजे का है। दोपहर के समय मगरकछा हार (खेत/जंगल क्षेत्र) में बकरियां चर रही थीं और वहीं पास में महिला भी मौजूद थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी जगह पर आ गिरी।
महिला की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
बिजली की चपेट में आने से चारों बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, वहां मौजूद 50 वर्षीय वृद्ध महिला मस्त रानी इस आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को घर पहुंचाया गया है। इस अचानक हुई घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और घायल महिला के बेहतर इलाज की मांग की है।







