भोपालमध्य प्रदेश

मोबाइल चोरी के झूठे शक में युवक की चाकू मारकर हत्या

मोबाइल चोरी के झूठे शक में युवक की चाकू मारकर हत्या

पुलिस पर पैसे लेकर आरोपी को छोड़ने का आरोप

भोपाल,यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर सेमरा में मोबाइल चोरी के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चोरी के शक में एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला किया गया, जिसकी 15 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद सोमवार रात मौत हो गई। मंगलवार को हमीदिया अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। वहीं, परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मिलीभगत के आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 मार्च की शाम करीब 7 बजे की है। कैलाश नगर निवासी 27 वर्षीय अंकित जोशी, जो पेशे से ड्राइवर था, का उसके परिचित मोहित राव से मोबाइल चोरी को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का दावा है कि अंकित अपनी बेगुनाही साबित करने आरोपी के घर गया था, जहां मोहित ने पीछे से उसकी गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू करीब ढाई इंच गहरा लगा, जिससे गर्दन की मुख्य नस कट गई। गंभीर हालत में अंकित को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के पुलिस पर संगीन आरोप
मृतक के भाई शक्ति जोशी ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के वक्त जब डायल 100 मौके पर पहुंची, तब आरोपी के मामा ने पुलिसकर्मियों को पैसे देकर उसे वहां से भगा दिया।: परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर में घटनाक्रम को सही से दर्ज नहीं किया और अंकित पर ही चोरी का आरोप मढ़ने की कोशिश की गई।भाई का कहना है कि आरोपी की बहन ने खुद स्वीकार किया था कि मोबाइल उसके पास है, फिर भी मोहित ने अंकित पर हमला किया।
अंकित की मौत के बाद अब पुलिस मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए रिश्वत और लापरवाही के आरोपों पर फिलहाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अशोका गार्डन थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button