यशभारत ब्रेकिंग : बल्देवबाग में दिनदहाड़े कार से 3.50 लाख रुपए से भरा बैग पार
पंचर बनवा रहे पेट्रोल पंप-डेयरी व्यवसायी को बदमाशों ने बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जबलपुर,यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के बल्देवबाग चौराहे के समीप दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप एवं डेयरी व्यवसायी की कार से रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। बैग में करीब 3 लाख 50 हजार रुपए रखे हुए थे। व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यवसायी ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, व्यवसायी अशोक ग्रोवर अपने घर के समीप कार का पंचर बनवा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार की सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग गायब कर दिया। पंचर बनवाने के बाद जब व्यवसायी की नजर बैग पर पड़ी, तो वह गायब था। बैग में रखी बड़ी रकम चोरी होने का पता चलते ही उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के मुताबिक, व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।







