यश भारत ब्रेकिंग – अनियमितताओं पर नगरीय विकास विभाग का शिकंजा, कई अधिकारियों पर कार्रवाई – वेतनवृद्धि रोकी गई, पदावनति और पेंशन कटौती जैसे कठोर दंड

यश भारत ब्रेकिंग –
अनियमितताओं पर नगरीय विकास विभाग का शिकंजा, कई अधिकारियों पर कार्रवाई
– वेतनवृद्धि रोकी गई, पदावनति और पेंशन कटौती जैसे कठोर दंड
भोपाल, यश भारत। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने विभिन्न नगरीय निकायों में वित्तीय अनियमितताओं, निर्माण कार्यों में लापरवाही, शासकीय भूमि एवं आय हड़पने तथा कोरोना काल में सामग्री क्रय में गड़बडिय़ों के मामलों में सख्त कार्रवाई की है। विभाग आयुक्त संकेत भोंडवे ने लंबित जांच प्रकरणों का निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दंडित किया है। इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नगर परिषद नगौद में स्टॉप डेम निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाण्डेय पर परिनिंदा अधिरोपित की गई है। इसके चलते वे एक वर्ष तक पदोन्नति के लिए पात्र नहीं होंगे।
अनूपपुर जिले की नगर परिषद जैतहरी में कोरोना काल के दौरान सामग्री क्रय में अनियमितताओं के मामले में तत्कालीन भंडार प्रभारी मोहित शर्मा, प्रभारी मुख्य लिपिक-लेखपाल रजनीश लहंगीर तथा स्वच्छता प्रभारी संजीव राठौर की चार-चार वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोक दी गई हैं।
जैतहरी में ही शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की भूमि एवं आय हड़पने के मामले में राजस्व निरीक्षक अवधेश बीझी की दो वेतनवृद्धियां तथा प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह की आगामी दो वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई है।
भूमि संबंधी अनियमितताओं के एक अन्य मामले में तत्कालीन प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम मिलन तिवारी को दोषी पाए जाने पर उनकी पेंशन की 10 प्रतिशत राशि स्थायी रूप से रोक दी गई है। वहीं कोरोना काल में सामग्री क्रय में अनियमितता के दूसरे प्रकरण में उनकी पेंशन की 20 प्रतिशत राशि स्थायी रूप से काटने का आदेश दिया गया है।
नगर परिषद पिपलौदा में नीलामी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण पाठक की तीन वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोक दी गई हैं। नगर पालिका परिषद शहडोल में मोहनराम मंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण एवं मंदिर परिसर में निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के मामले में उपयंत्री देव कुमार गुप्ता और तत्कालीन सहायक यंत्री बृजेन्द्र प्रसाद शर्मा की आगामी तीन वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोक दी गई हैं।
इसी प्रकार, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण योजना के तहत धार नगर पालिका परिषद में देवीसागर तालाब निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन उपयंत्री सुधीर ठाकुर तथा सहायक यंत्री देवेन्द्र कोल की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई है।
आगर मालवा जिले की सोयतकलां नगर परिषद में माधव चौक स्थित भूखंड मामले में अनियमितता कर शासन को 9 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने के आरोप में तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक कुमार पांचाल को राजस्व निरीक्षक पद से पदावनत कर उप राजस्व निरीक्षक बना दिया गया है।
वहीं, संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास के यांत्रिकी प्रकोष्ठ में पदस्थ सहायक वर्ग-2 कर्मचारी शेखर ठाकुर अप्रैल 2023 से बिना अनुमति और सूचना के अनुपस्थित पाए गए। गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभाग ने उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान कर दी है।
शासकीय कार्यों में अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी और लापरवाही के मामलों में दोषियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
– संकेत भोंडवे, आयुक्त, मप्र नगरीय विकास विभाग







