भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो थानों के बीच उलझा रहा मामला

भोपाल में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो थानों के बीच उलझा रहा मामला

भोपाल, यश भारत। राजधानी में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पेट्रोल भरवाने निकली एक महिला के साथ 4-5 अज्ञात बदमाशों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। फिलहाल पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पेट्रोल भरवाने निकली थी महिला, रात को बेसुध हालत में लौटी

परिजनों के अनुसार, महिला घर से अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए निकली थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो पिता और भाई ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। देर रात करीब 2:30 बजे महिला बेहद गंभीर और बेसुध हालत में अपने घर पहुंची।

चलती कार में अपहरण और दरिंदगी

होश में आने पर पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि वह मनोहर डेयरी बस स्टैंड के पास स्थित पेट्रोल पंप पर थी, तभी 4 से 5 लोग उसे जबरन कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बुरी तरह मारपीट भी की। वारदात के बाद आरोपी उसे फेंककर फरार हो गए।

सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस

हैरानी की बात यह है कि घटना की गंभीरता के बावजूद शुरुआत में मामला थाना क्षेत्र के विवाद में अटका रहा। वारदात हनुमानगंज थाना क्षेत्र में हुई या मंगलवारा में, इसे लेकर असमंजस बना रहा। हालांकि, सूचना मिलते ही मंगलवारा पुलिस हमीदिया अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की।

जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस अब पेट्रोल पंप और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि उस सफेद कार और आरोपियों की पहचान की जा सके। शहर के मुख्य इलाके में हुई इस वारदात ने महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला की स्थिति अभी स्थिर नहीं है और विशेषज्ञों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button