जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: नहर में डूबने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत

रिश्तेदारी में शादी समारोह में आए थे युवक

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: नहर में डूबने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हर्षपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। नहर में नहाने गए पांच युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो युवकों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

रिश्तेदारी में शादी समारोह में आए थे युवक

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के अशोकनगर (चंदेरी) निवासी मिथुन (30), धर्मेंद्र (20) तथा वस्त्रावन निवासी धीरज (22) अपने परिजनों के साथ वस्त्रावन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। धीरज के चाचा के बेटे की शादी थी और गुरुवार को बारात उन्नाव बालाजी जानी थी। बारात रवाना होने से पहले सभी युवक हर्षपुर स्थित अपनी बहन के घर पहुंचे थे।

एक-दूसरे को बचाने में चली गई तीन जिंदगियां

दोपहर करीब एक बजे सभी युवक अपने जीजा जगदीश के साथ गांव के पास स्थित नहर में नहाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय एक युवक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य साथी भी पानी में डूबने लगे। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जगदीश (32) व राजकुमार (30) को बाहर निकाल लिया, लेकिन मिथुन, धीरज और धर्मेंद्र को नहीं बचाया जा सका।

मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे में मृत मिथुन का छह वर्षीय पुत्र और धर्मेंद्र का डेढ़ वर्षीय बेटा है। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

मौके पर पहुंचे एसडीएम, मदद का दिया भरोसा

घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी अभिजीत सिंह ग्राम हर्षपुर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में उन्होंने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button