शारदा मंदिर विकास को लेकर शिवराज सिंह चौहान से मिले विवेक तन्खा और रविंद्र पंडिता
शारदा मंदिर धार्मिक और सीमावर्ती पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र

यश भारत, नई दिल्ली। कश्मीर के टीटवाल स्थित ऐतिहासिक शारदा मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सेव शारदा कमेटी कश्मीर के अध्यक्ष रविंद्र पंडिता एवं राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान चमकोट से टीटवाल तक सड़क चौड़ीकरण तथा मंदिर के समीप यात्री निवास निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
मुलाकात में बताया गया कि शारदा मंदिर धार्मिक और सीमावर्ती पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-701 का चौड़ीकरण चमकोट तक किया जा रहा है, जबकि आगे टीटवाल तक करीब 7 किलोमीटर सड़क संकरी होने से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा लंबे समय से कश्मीर और कश्मीरी पंडितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से शारदा मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास, सड़क निर्माण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। कमेटी ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार जल्द इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी।







