जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 11 की मौत; 22 झुलसे

प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर हादसा, धमाके से फैक्ट्री जमींदोज; आसपास के 8 मकान क्षतिग्रस्त

कौशांबी, यशभारत। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में 2 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग झुलस गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई और करीब 100 मीटर के दायरे में बने आठ मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें तीन मकान पूरी तरह ढह गए। हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह इलाका प्रयागराज सीमा से लगा है और मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब दो किलोमीटर दूर है। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद इलाके में धुएं का गुबार छा गया और फैक्ट्री में रखे पटाखों के कारण लगातार धमाके होते रहे।

हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी इसकी चपेट में आए। पुलिस, एयरफोर्स, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के करीब 200 जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। 10 बुलडोजरों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। आशंका है कि मलबे में कुछ लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। फैक्ट्री करीब 800 वर्गफीट में बनी थी। पुलिस फैक्ट्री के संचालन और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button