भोपालमध्य प्रदेश

सेफ क्लिक 2.0 के तहत विद्यार्थियों और बैंक कर्मियों को पुलिस ने सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर

सेफ क्लिक 2.0 के तहत विद्यार्थियों और बैंक कर्मियों को पुलिस ने सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान सेफ क्लिक 2.0 के अंतर्गत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और बैंकिंग संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, शिक्षकों और कामकाजी वर्ग को ऑनलाइन धोखाधड़ी और इंटरनेट आधारित अपराधों के प्रति सतर्क करना है।

​अभियान के तहत थाना हनुमानगंज पुलिस दल ने खालसा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और रेड रोज विद्यालय सिंधी कॉलोनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान करीब 120 छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को फर्जी लिंक, झांसा देने वाले फोन कॉल, गुप्त कूटशब्द ओटीपी धोखाधड़ी, सामाजिक मंचों सोशल मीडिया की सुरक्षा और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सूत्र दिए गए। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को भारत सरकार के एनसीसीआरपी पोर्टल और राष्ट्रीय साइबर सहायता संख्या 1930 की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से समझाया।
​इसी कड़ी में थाना शाहजहांनाबाद पुलिस ने सुल्तानिया एसबीआई बैंक का रुख किया। यहाँ पुलिस के साइबर दल और सूक्ष्म बीट अधिकारियों ने बैंक के प्रशिक्षु अधिकारियों को इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी के नए तरीकों और उनसे बचाव के तकनीकी उपायों की जानकारी दी।

​वहीं, थाना चुनाभट्टी क्षेत्र के शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सहायक पुलिस आयुक्त आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में विशेष कार्यक्रम हुआ। चुनाभट्टी पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को डिजिटल अरेस्टऔर ऑनलाइन ठगी जैसे गंभीर खतरों से आगाह किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button