भोपालमध्य प्रदेश

ट्विशा शर्मा मामला: जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह, पुलिस ने दिए तीन नोटिस

ट्विशा शर्मा मामला: जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह, पुलिस ने दिए तीन नोटिस

भोपाल, यशभारत। चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में भोपाल पुलिस ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मामले की जांच को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि केस में नामजद आरोपी समर्थ सिंह की मां और पूर्व रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह पुलिस की जांच में बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रही हैं। पुलिस की ओर से उन्हें अब तक तीन बार नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा चुका है, लेकिन वे न तो पुलिस के सामने हाजिर हुईं और न ही उन्होंने नोटिस का कोई जवाब दिया है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सक्रिय हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी की अग्रिम जमानत को निरस्त कराने के लिए पुलिस ने अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का रुख किया है। इसके साथ ही फरार आरोपी की संपत्ति कुर्की के लिए भी कानूनी तौर पर जो भी आवश्यक कदम हैं, वे उठाए जा रहे हैं।

कमिश्नर के मुताबिक, इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से की जा रही है। घटना के बाद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह द्वारा किए गए फोन कॉल्स को जांच के दायरे में लिया गया है और उनकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। इसके अलावा, घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज में जो भी लोग नजर आए हैं, पुलिस उन सभी के बयान दर्ज कर चुकी है। उन्होंने साफ किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर साक्ष्य की बारीकी से जांच हो रही है, जिसमें थोड़ा समय लग रहा है।

मामले में उठ रही सीबीआई जांच की मांग पर कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से शासन स्तर का है। जब तक यह केस किसी अन्य एजेंसी को आधिकारिक तौर पर ट्रांसफर नहीं किया जाता, तब तक भोपाल पुलिस अपनी पूरी ताकत और निष्पक्षता से हर पहलू की जांच करती रहेगी। उन्होंने कहा कि घटना के महज दो दिन के भीतर ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली थी और जांच में किसी भी तरह की ढिलाई या देरी नहीं की गई है। पुलिस हर उस सबूत पर काम कर रही है जो इस मामले की सच्चाई को सामने ला सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button