
जबलपुर,यशभारत। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी जगदंबा कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में लगे बड़े-बड़े छत्र एवं भगवान की मूर्ति के आभूषण चुरा ले गए।
सुबह मंदिर खुलने के समय पुजारी को मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची विजयनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा मंदिर परिसर और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







