भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

शाही कब्रिस्तान पर मेट्रो के बेरिकेड्स लगते ही भड़के विधायक आतिफ अकील, आधी रात रुकवाया काम

शाही कब्रिस्तान पर मेट्रो के बेरिकेड्स लगते ही भड़के विधायक आतिफ अकील, आधी रात रुकवाया काम

भोपाल, यशभारत। राजधानी के उत्तर विधानसभा क्षेत्र स्थित भोपाल टॉकीज के पास शाही कब्रिस्तान की जमीन पर मेट्रो का काम शुरू करने को लेकर आधी रात जमकर हंगामा हुआ। सोमवार देर रात जैसे ही मेट्रो कॉरपोरेशन की टीम बेरिकेड्स और भारी मशीनें लेकर काम शुरू करने पहुंची, इसकी भनक मिलते ही विधायक आतिफ अकील तुरंत मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य पर पूरी तरह से रोक लगा दी।

मौके पर पहुंचे विधायक आतिफ अकील ने मेट्रो अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से तीखे शब्दों में सवाल किया कि ऐतिहासिक शाही कब्रिस्तान की संपत्ति पर किस आधार पर बिना औकाफ-ए-शाही और संबंधित वैधानिक प्राधिकरणों की लिखित अनुमति के बेरिकेडिंग की जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में बिना किसी वैध आदेश के जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने साफ कहा कि इस कब्रिस्तान में हमारे बुजुर्गों की कब्रें मौजूद हैं और आस्था से जुड़ी इस जगह को बचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने मांग उठाई कि मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट की रूपरेखा में बदलाव कर कब्रिस्तान के हिस्से को इससे बाहर रखा जाए और जब तक कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक सभी मशीनें और सामान तुरंत मौके से हटाया जाए।

विदित हो कि भोपाल मेट्रो के ऑरेंज लाइन फेज-2 सुभाष नगर से करोंद के तहत कुल 8.77 किलोमीटर लंबा मार्ग बनना है, जिसमें से 3.39 किलोमीटर का हिस्सा अंडरग्राउंड रहेगा। ₹890 करोड़ की लागत से बनने वाले इस रूट में भोपाल रेलवे स्टेशन और नादरा बस स्टैंड जैसे मुख्य केंद्र शामिल हैं। वहीं, शाही कब्रिस्तान से जुड़े इस भूमि अधिकार और रूट का मामला वर्तमान में मध्यप्रदेश राज्य वक्फ अधिकरण में विचाराधीन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button