महिलाओं के सपनों से खिलवाड़ करने वालों को देश की नारी नहीं करेगी माफ -नरेंद्र मोदी
विरोध करने वालों को सजा जरूर मिलेगी

महिलाओं के सपनों से खिलवाड़ करने वालों को देश की नारी नहीं करेगी माफ -नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली, यश भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ संसद से पारित नहीं हो पाने पर गहरी नाराजगी जताते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक का रुकना नहीं, बल्कि देश की महिलाओं के सपनों और आकांक्षाओं पर सीधा प्रहार है।
नारी शक्ति की उड़ान को रोका गया
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा, ‘आज मैं अपनी बहनों और बेटियों से बात करने आया हूं। देश का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया। उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया।’ उन्होंने माना कि सरकार के प्रयासों के बावजूद यह विधेयक पारित नहीं हो सका और इसके लिए उन्होंने देश की माताओं-बहनों से क्षमा भी मांगी।
विपक्ष के व्यवहार पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री ने संसद में विपक्ष के रुख को महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि ‘महिलाएं सब कुछ भूल सकती हैं, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलतीं। संसद में जो व्यवहार हुआ, उसकी कसक हर नारी के मन में रहेगी।’
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधन का विरोध किया, वे महिलाओं की ताकत और उनके अधिकारों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
विरोध करने वालों को सजा जरूर मिलेगी
पीएम मोदी ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि 21वीं सदी की महिलाएं जागरूक हैं और हर घटना पर नजर रख रही हैं। ‘महिला आरक्षण का विरोध करने वालों ने पाप किया है। इसकी सजा उन्हें जरूर मिलेगी,’ उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह विरोध संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी अपमान है।
विपक्ष पर अधिकार छीनने का आरोप
प्रधानमंत्री ने इंडियन नेशनल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रविड़ मुन्नेत्र कणगम और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस सहित अन्य दलों पर आरोप लगाया कि वे वर्षों से महिला आरक्षण के मुद्दे को टालते रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘तकनीकी बहानों के जरिए महिलाओं के अधिकारों को लूटा गया है। देश अब इस राजनीति को समझ चुका है।’







