कड़ाके की ठंड से मेडिकल अस्पताल की ओपीडी में बिगडे हालात
व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की कमी से मरीज व परिजन बेहाल

जबलपुर, यशभारत। शहर में पड़ रही कड़ाके की ठंड का सीधा असर नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी पर देखने को मिल रहा है। सर्दी, खांसी, बुखार, सांस संबंधी बीमारियों और जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाने से ओपीडी में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि मरीजों को पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।

व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की कमी
ओपीडी परिसर में अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। सबसे गंभीर स्थिति व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की कमी को लेकर सामने आई है। बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सहारे के अभाव में पैदल चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई मरीजों को परिजन कंधे या हाथों पर सहारा देकर ओपीडी तक लाते दिखाई दिए।

ठंड के कारण कई मरीजों की हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर व्हीलचेयर या स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे न सिर्फ मरीजों को शारीरिक कष्ट झेलना पड़ रहा है, बल्कि इलाज में भी अनावश्यक देरी हो रही है। परिजनों का कहना है कि अस्पताल जैसे बड़े शासकीय संस्थान में इस तरह की बुनियादी सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है।
इनका कहना है
प्रबंधन का कहना है कि बढ़ती ठंड और मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त व्हीलचेयर व स्ट्रेचर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पताल अधिकारियों ने यह भी बताया कि ओपीडी में भीड़ नियंत्रण एवं मरीजों की सुविधा के लिए स्टाफ की तैनाती बढ़ाई जाएगी और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।







