
जबलपुर यशभारत। जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के बधुआ डैम में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब डैम के पानी में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने की सूचना सामने आई। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया जा रहा है कि घुघरा ग्राम का रहने वाला 24 वर्षीय कपिल टेमरे चार दिन पूर्व घर से खेत देखने के लिए निकला हुआ था जब वह वापस घर नहीं आया तो परिजनों को इस बात की चिंता हुई और उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई पुलिस ने गुमइशान कायम कर उसकी तलाश की जा रही थी। जिसका शव बधुआ डैम में कंबल में लिपटा एवं तार से बंधा हुआ मिला।जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
जिसकी सूचना तत्काल कुंडम थाना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने डैम से शव को बाहर निकाला। शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से लाश को कंबल में लपेटकर तार से बांधा गया और फिर डैम में फेंक दिया गया। शव कई दिनों पुराना होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। हत्या, आत्महत्या या अन्य किसी कारण से शव डैम में पहुंचा, इस पर फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।







