भानपुर रेलवे ट्रैक पर मिला लापता किराना व्यापारी का शव, दो दिन से थे गायब

भानपुर रेलवे ट्रैक पर मिला लापता किराना व्यापारी का शव, दो दिन से थे गायब
भोपाल, यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत खामखेड़ा निवासी एक किराना व्यापारी का शव शनिवार सुबह भानपुर रेलवे ब्रिज के पास पटरी किनारे मिला। मृतक दो दिन से घर से लापता थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह जब परिजन तलाश में निकले, तो ट्रैक पर भीड़ देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई, पास जाकर देखा तो वह शव उनके ही परिवार के सदस्य का था।
पुलिस के अनुसार, मोहन सिंह लोधी (55 वर्ष), जो कि खामखेड़ा में किराना दुकान चलाते थे, गुरुवार शाम को बिना बताए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। शुक्रवार को परिजनों ने छोला मंदिर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
ट्रैक के पास मिली लाश
मृतक के भाई लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि शुक्रवार दिनभर तलाश करने के बाद भी जब भाई का पता नहीं चला, तो शनिवार सुबह दोबारा खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान भानपुर ब्रिज के नीचे लोगों की भीड़ जमा थी। पास जाकर देखा तो रेलवे ट्रैक के किनारे मोहन सिंह का शव पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।







