थार घर में घुसी,जांभूलपाड़ा में देर रात हादसा, दो युवक हिरासत में; शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप

विरार : विरार पूर्व के जांभूलपाड़ा गांव में सोमवार रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसी। हादसे में घर की दीवार गिर गई और उसके मलबे की चपेट में आने से मकान मालिक सुभाष जयराम सुतार घायल हो गए। हादसे में घर के बाहर खड़ी दो दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, महिंद्रा थार में सवार दो युवक भाताणे से भालिवली होते हुए मुंबई-अहमदाबाद हाईवे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जांभूलपाड़ा के पास वाहन की रफ्तार तेज होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और थार सीधे सुभाष सुतार के घर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर की दीवार ढह गई। साथ ही मकान में भी दरारें आने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चालक अंकित मिश्रा (26) तथा उसके मित्र राज यादव (24), दोनों निवासी नालासोपारा पूर्व, को रोक लिया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे।घटना की सूचना मिलते ही मांडवी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की स्थिति की जांच कर रही है।







