
नगर निगम में सफाई शिकायतों का त्वरित निराकरण, जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य जारी
टोल-फ्री नंबर पर दर्ज 63 शिकायतों का समाधान, डिजिटल जियो-मैपिंग व एच.एल.ओ ऐप से मकान सूचीकरण में तेजी

कटनी, (यशभारत) न्यूज़
सक्षम और प्रभावी कार्यशैली के लिए चर्चित नगर निगम आयुक्त एवं आईएएस तपस्या परिहार के सतत प्रयासों और सख्त निगरानी के चलते नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। निगम कार्यालय परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 1800 233 0877 एवं 14420 पर प्राप्त सफाई संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अब तक कुल 63 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
कंट्रोल रूम प्रभारी एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने बताया कि शिकायत मिलते ही संबंधित वार्ड दरोगा एवं सफाई अमले को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई की जाती है। इसके तहत कचरा उठाव, नालियों की सफाई, सेप्टिक टैंक की सफाई सहित विभिन्न स्वच्छता संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। नागरिक प्रातः 8 बजे से शाम 8 बजे तक टोल-फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर घर बैठे समाधान प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही नागरिकों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील भी की गई है।
इधर, भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना का कार्य भी नगर क्षेत्र में निरंतर जारी है, जो 1 मई से 30 मई तक संचालित किया जा रहा है।
इस दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा डिजिटल जियो-मैपिंग एवं जनगणना 2027 हाउस लिस्ट (एच.एल.ओ) ऐप के माध्यम से घर-घर सर्वे कर 34 बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जा रही है। इसमें मकान की स्थिति, परिवार विवरण, पेयजल, शौचालय, बिजली, ईंधन, संचार साधन, वाहन, इंटरनेट सुविधा सहित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं।
नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में किया जाएगा।






