हैरी बॉक्सर गैंग का मुख्य गुर्गा हरियाणा से गिरफ्तार

हैरी बॉक्सर गैंग का मुख्य गुर्गा हरियाणा से गिरफ्तार
एसटीएफ ने तोड़ी डिजिटल करेंसी के जरिए चल रही फिरौती की कमर
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हैरी बॉक्सर गैंग के सक्रिय सदस्य आशीष यादव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को हरियाणा के हांसी जिले से पकड़ा गया है। वह अशोकनगर के एक बड़े व्यापारी से फिरौती मांगने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से गैंग के उस नेटवर्क का खुलासा हुआ है जो आधुनिक तकनीक और डिजिटल करेंसी के जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
एसटीएफ की जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आशीष यादव इस गैंग का वित्तीय कामकाज संभालता था। वह मुख्य सरगना हैरी बॉक्सर से यूएसडीटी के रूप में फिरौती और उगाही की रकम हासिल करता था। इसके बाद वह इस डिजिटल करेंसी को भारतीय रुपयों में बदलकर गैंग के अन्य गुर्गों तक पहुंचाता था। पूछताछ में यह भी पता चला है कि इस रकम का बड़ा हिस्सा अपराध के लिए रेकी करने, अवैध हथियारों का इंतजाम करने और फायरिंग जैसी घटनाओं की फंडिंग में खर्च किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, अशोकनगर के व्यापारी अंकित अग्रवाल को धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में आशीष की प्रमुख भूमिका थी। वारदात के बाद वह अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में ठिकाने बदल रहा था। एसटीएफ की एक विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और लगातार निगरानी के बाद आखिरकार 3 मई को उसे हरियाणा के हांसी से धर दबोचा।
इस सफल ऑपरेशन में एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब इस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही, डिजिटल करेंसी के इस पूरे लेन-देन के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए गहराई से तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आशीष से पूछताछ के बाद इस गैंग के कुछ और बड़े राज सामने आ सकते हैं।






