विवेक विहार की चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की मौत

विवेक विहार की चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की मौत
भोपाल, यश भारत।
विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों में फैली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के साथ-साथ फायर कर्मियों ने इमारत में फंसे करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार रात करीब 3:13 बजे एक फ्लैट में लगे एसी में धमाका हुआ, जिसके बाद तेजी से आग फैल गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद दमकल दल करीब 3:35 बजे मौके पर पहुंचा। आग की लपटों से घिरे लोगों को बालकनी और खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला गया।
मौके पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें भी तैनात रहीं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







