तमिलनाडु में थलपति विजय की सरकार का रास्ता साफ, कई दलों का मिला समर्थन
CPI, CPM और VCK ने बढ़ाया हाथ, बहुमत के करीब पहुंचा TVK गठबंधन

तमिलनाडु में थलपति विजय की सरकार का रास्ता साफ, कई दलों का मिला समर्थन
CPI, CPM और VCK ने बढ़ाया हाथ, बहुमत के करीब पहुंचा TVK गठबंधन
चेन्नई। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी TVK के लिए तमिलनाडु की सत्ता का रास्ता लगभग साफ हो गया है। कांग्रेस के समर्थन के बाद अब CPI, CPM और VCK जैसे दलों ने भी TVK गठबंधन को समर्थन देने का फैसला किया है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। VCK, CPI और CPM के दो-दो विधायकों के समर्थन के बाद TVK गठबंधन बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गया है। वहीं भाजपा की ओर से भी मतदान से दूरी बनाए रखने के संकेत दिए गए हैं, जिससे विजय की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने विजय को 10 मई तक बहुमत साबित करने का समय दिया था। अब समर्थन मिलने के बाद विजय जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं। यह उनकी राज्यपाल से तीसरी मुलाकात होगी।
इससे पहले गुरुवार को विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन राज्यपाल ने उनसे 118 विधायकों के हस्ताक्षर लाने को कहा था। साथ ही आश्वासन दिया था कि किसी अन्य दल को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया जाएगा।
तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से उभरे थलपति विजय अब पहली बार सत्ता के बेहद करीब पहुंच गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि समर्थन इसी तरह बना रहा तो जल्द ही राज्य में TVK नेतृत्व वाली नई सरकार का गठन हो सकता है।







