भोपालमध्यप्रदेश

कपड़े पसंद करते-करते सीने में उठा दर्द, दवा खाते ही 90 सेकंड में थम गईं युवक की सांसें

कपड़े पसंद करते-करते सीने में उठा दर्द, दवा खाते ही 90 सेकंड में थम गईं युवक की सांसें

भोपाल, यश भारत। राजधानी के लक्ष्मी टॉकीज इलाके में एक कपड़े की दुकान पर खरीदारी करने गए 30 वर्षीय युवक की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। सीने में दर्द उठने पर युवक ने कुर्सी पर बैठकर टैबलेट खाई थी, लेकिन दवा खाने के महज 20 सेकंड के भीतर ही वह जमीन पर गिर पड़ा और डेढ़ मिनट के भीतर उसने दम तोड़ दिया। यह पूरी वीभत्स घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दोस्त को कपड़े दिलाने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय शैलेंद्र मालवीय के रूप में हुई है। शैलेंद्र अपने एक दोस्त को कपड़े दिलाने के लिए लक्ष्मी टॉकीज के पास स्थित एक गारमेंट दुकान पर पहुंचे थे। खरीदारी के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द और बेचैनी शुरू हो गई।

कुर्सी पर बैठकर खाई थी टैबलेट, और फिर…

तबीयत बिगड़ने पर शैलेंद्र दुकान में रखी कुर्सी पर बैठ गए और उन्होंने राहत पाने के लिए एक टैबलेट (दवा) खाई और पानी पिया। लेकिन दवा खाने के महज 20 सेकंड के भीतर ही वह अचानक कुर्सी से नीचे फर्श पर आ गिरे। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, घटना के बाद महज डेढ़ मिनट के भीतर ही युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटना से दुकान में हड़कंप मच गया। तुरंत बाद उनके दोस्त और आसपास के दुकानदारों ने आनन-फानन में शैलेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा साया

इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। शैलेंद्र के जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button