‘तालिबानी’ सज़ा का तांडव, चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, जूते-चप्पलों की माला पहनाई
भीड़ की बर्बरता का वीडियो वायरल, पुलिस ने दोहरी कार्रवाई करते हुए चोरी और मॉब लिंचिंग दोनों मामलों में FIR दर्ज की

जबलपुर ,यशभारत । न्याय को अपने हाथ में लेने और सार्वजनिक अपमान की एक भयावह घटना जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र के मिरगा गांव से सामने आई है। चोरी के आरोप में रंगे हाथों पकड़े गए एक युवक को ग्रामीणों की भीड़ ने बर्बरता की ‘तालिबानी’ सज़ा दी। युवक को खंभे से कसकर बांधा गया, उसके गले में जूते-चप्पलों की माला डाली गई और जूतों से चेहरे और सिर पर वार कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं, जिसमें एक ओर चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर कानून हाथ में लेने वाली भीड़ के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे हुई पूरी वारदात
घटना देर रात ग्राम मिरगा में राहुल पटेल के घर पर हुई। तीन आरोपी चोरी करने की नीयत से घर में घुसे थे। दो आरोपी ताला तोड़कर अंदर चोरी कर रहे थे, जबकि तीसरा युवक बाहर पहरा दे रहा था। इसी दौरान, जब घर के लोग इलाज कराकर लौटे, तो दो चोर सोने-चांदी के जेवर लेकर भागने में सफल हो गए। हालांकि, बाहर पहरा दे रहे तीसरे आरोपी को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया।
भीड़ ने दी बर्बर सज़ा
आरोपी को पकड़ने के बाद, ग्रामीणों की भीड़ ने कानून और इंसानियत को ताक पर रख दिया।
युवक को रस्सी से खंभे से कसकर बांधा गया।
अपमानित करने के लिए उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई।
भीड़ ने जूतों से उसके चेहरे और सिर पर भी मारपीट की।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
पुलिस ने पहुंचकर बचाया
घटना की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को आक्रोशित भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव निवासी 25 वर्षीय विनय उर्फ विनोद चक्रवर्ती के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि फरार दोनों आरोपियों समेत तीनों युवक जबलपुर, सिवनी और नरसिंहपुर जिलों में चोरी के आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में शामिल हैं।
डबल एक्शन: दो एफआईआर दर्ज
पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले में दोहरी कार्रवाई की है:
चोरी का केस: राहुल पटेल के परिवार की शिकायत पर तीनों चोरों (विनय उर्फ विनोद चक्रवर्ती समेत) के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
मॉब लिंचिंग का केस: आरोपी विनय उर्फ विनोद की शिकायत पर तालिबानी सज़ा देने वाले ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट और अवैध बंधक बनाने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि “चोरी करना अपराध है, लेकिन उसकी सज़ा सिर्फ कानून दे सकता है। भीड़ द्वारा किसी को हिंसा और अपमानित करना एक गंभीर अपराध है। वायरल वीडियो के आधार पर तालिबानी सज़ा देने वाले ग्रामीणों की पहचान शुरू कर दी गई है।”फरार दो आरोपियों और हिंसा में शामिल ग्रामीणों की तलाश में पुलिस टीमों का गठन किया गया है।







