सुरक्षित सफर से ग्रीन मोबिलिटी तक, इंदौर में बनेगा यात्री परिवहन का रोडमैप – इंदौर में 11-12 सितंबर को जुटेंगे विशेषज्ञ, निवेशक और नीति-निर्माता

सुरक्षित सफर से ग्रीन मोबिलिटी तक, इंदौर में बनेगा यात्री परिवहन का रोडमैप
– इंदौर में 11-12 सितंबर को जुटेंगे विशेषज्ञ, निवेशक और नीति-निर्माता
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इंदौर में 11 और 12 सितंबर को यात्री परिवहन विजन समिट-2026आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हर यात्री को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती जरूरतों के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन को तकनीक आधारित, प्रभावी और पर्यावरण हितैषी बनाया जाना जरूरी है। इस दिशा में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। समिट में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के विस्तार और उसे मजबूत बनाने पर चर्चा होगी। विशेषज्ञों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच सुरक्षित एवं हरित परिवहन, बेहतर मोबिलिटी और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर मंथन होगा। समिट को प्रदेश के यात्री परिवहन क्षेत्र में नए निवेश और साझेदारी के अवसर पैदा करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। इलेक्ट्रिक एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों के विस्तार के साथ प्रदेश में भविष्य की परिवहन व्यवस्था को अधिक टिकाऊ बनाने पर भी जोर रहेगा।







