देश

क्वेटा में पाक सेना की ट्रेन पर आत्मघाती हमला, 23 सैनिकों की मौत

बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली जिम्मेदारी

बलूचिस्तान | पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा रविवार सुबह भीषण धमाके से दहल उठी, जब सैन्य जवानों को लेकर जा रही एक ट्रेन पर फिदायीन हमला किया गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले में 23 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 47 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार हमला सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ, जब क्वेटा कैंट से सेना के जवानों को लेकर ट्रेन शहर की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही ट्रेन चमन फाटक इलाके के पास पहुंची, तभी जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई और कई बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच मुठभेड़ की भी जानकारी सामने आई है।

इस हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन Baloch Liberation Army ने ली है। संगठन के मजीद ब्रिगेड के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने बयान जारी कर कहा कि यह हमला पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाकर सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। संगठन ने दावा किया कि हमले में सेना को भारी नुकसान पहुंचा है और विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

घटना के बाद क्वेटा के प्रमुख अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। घायलों को सिविल अस्पताल और सैन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को तत्काल ड्यूटी पर बुलाया गया है। राहत एवं बचाव दल क्षतिग्रस्त बोगियों में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।

बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से अलगाववादी गतिविधियों और सुरक्षा बलों पर हमलों में तेजी देखी गई है। यह हमला हाल के वर्षों में पाकिस्तानी सेना पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button