पार्षद के घर देर रात पथराव व तोड़फोड़, पुरानी रंजिश के चलते वार्ड के ही युवकों ने दिया घटना को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर। रांझी शहीद भगतसिंह वार्ड के पार्षद निशांत झारिया के निज निवास पर देर रात हमला हुआ। घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है, जब वार्ड के ही निवासी विशाल राजपूत व अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते पार्षद के घर पर पथराव करते हुए जमकर तोड़फोड़ की।
जान से मारने की धमकी भी दी
पार्षद निशांत झारिया ने बताया कि आरोपियों ने घर में पथराव करने के साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना में घर का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों में दहशत का माहौल है।
पहले भी दी थी धमकी
पीड़ित पार्षद का कहना है कि पूर्व में भी इन आरोपियों ने उन्हें जान से खत्म करने की धमकी दी थी। लगातार धमकियों और अब सीधे हमले से पार्षद परिवार सहमा हुआ है।
पुलिस ने लिया मामला जांच में
घटना की सूचना पर पार्षद ने तत्काल थाना रांझी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।







