भगवान परशुराम और शिवजी की भव्य मूर्तियाँ होंगी स्थापित
भगवान परशुराम और शिवजी की भव्य मूर्तियाँ होंगी स्थापित
पनागर में परशुराम जयंती की तैयारियां जोरों पर, 3 मई को प्राण प्रतिष्ठा
पनागर: ब्राह्मण एकता संगठन पनागर द्वारा भगवान परशुरामजी मंदिर प्रांगण, बम्हनौदा रोड में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी भगवान परशुरामजी जयंती और अक्षय तृतीया के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, मंदिर में भगवान परशुरामजी की 7 फीट ऊंची भव्य मूर्ति के साथ-साथ भगवान शिवजी और नंदी महाराज की 4 फीट ऊंची मूर्तियाँ भी स्थापित की जाएंगी। इन मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 30 अप्रैल से शुरू होगा।
कार्यक्रम के अनुसार, 30 अप्रैल को मंगलाचरण और वेदी पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात, 1 और 2 मई को विशेष पूजन विधिवत रूप से संपन्न होगी। मुख्य कार्यक्रम 3 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें भगवान परशुरामजी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी और इसके बाद विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए अनेक ब्राह्मण बंधुओं ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। यह भी निर्णय लिया गया कि 30 अप्रैल को एक भव्य जल यात्रा और कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मेन रोड से शुरू होगी, जिसमें ढोल, बैंड, डिस्को लाइट और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र होंगे। इसी शोभायात्रा में भगवान परशुराम, भगवान शिवजी और नंदी महाराज की मूर्तियाँ मंदिर प्रांगण में लाई जाएंगी।
बैठक में सुरेश मिश्रा, रविशंकर अवस्थी, मदन तिवारी, सर्वेश मिश्रा, प्रवीण मिश्रा, धर्मेश उपाध्याय, विकास पांडे, उमेश मिश्रा, आशुतोष तिवारी, कृष्णकुमार तिवारी, नितिन गौतम, रितुराज तिवारी, शेखर द्विवेदी राजा प्यासी, महेंद्र चौबे, अमित परोंहा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।







