21 किलो डोडा चूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोबाइल खंगाल रही पुलिस

21 किलो डोडा चूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोबाइल खंगाल रही पुलिस
भोपाल, यश भारत। भोपाल क्राइम ब्रांच ने गोविंदपुरा इलाके में सटीक घेराबंदी करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों दबोचा है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसे वह शहर में खपाने की फिराक में था। इस कार्रवाई के जरिए क्राइम ब्रांच ने साफ अल्टीमेटम दे दिया है कि शहर में युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले सौदागरों की अब उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गोविंदपुरा स्थित RRL ब्रिज के पास एक तस्कर मौत का माल बेचने की तैयारी में खड़ा है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने सटीक प्लानिंग की और मौके पर दबिश दी। पुलिस की अचूक घेराबंदी के आगे आरोपी को संभलने या भागने का कोई मौका नहीं मिल सका और उसके सारे रास्ते बंद कर दिए गए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान संजय रायसिख के रूप में हुई है।
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद दो बैगों से 21 किलो 20 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है, जिसने शहर में फैल रहे ड्रग नेटवर्क की पोल खोल दी है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी संजय रायसिख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल कनेक्शन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड को खंगाल रही है, जिससे नशे के पूरे सिंडिकेट की तलाश की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी भोपाल में यह माल किसे सप्लाई करने वाला था और यह खेप कहां से लाई गई थी, इसकी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पूछताछ में शहर के कई बड़े नशा तस्करों के नाम सामने आने की पूरी संभावना है। पुलिस का साफ कहना है कि शहर में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ यह ताबड़तोड़ एक्शन आगे भी लगातार जारी रहेगा।







