देशमध्य प्रदेशराज्य

दूधिए की हत्या से सनसनी, नाले के किनारे झाड़ियों में मिली लाश

प्रयागराज

दूधिए की हत्या से सनसनी, नाले के किनारे झाड़ियों में मिली लाश

प्रयागराज। गंगापार के थरवई थाना क्षेत्र में भैंस चराने निकले एक दूध विक्रेता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह उनका शव गांव के बाहर नाले के किनारे झाड़ियों में मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जगदीशपुर पूरे चंदा पाल बस्ती निवासी 55 वर्षीय राम गोपाल पाल के रूप में हुई है। वह दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजन के अनुसार राम गोपाल मंगलवार दोपहर बाद भैंस चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने रातभर उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान गांव के बाहर नाले के पास झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा मुंह और नाक से खून निकल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थरवई पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी थरवई अरुण पराशर और थाना प्रभारी संतोष पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके तीन पुत्र राम बाबू, संजय और महेंद्र हैं, जबकि एक पुत्री की शादी हो चुकी है। परिजनों ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
एसीपी अरुण पराशर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button