चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों को अब तक नहीं मिली जॉइनिंग शिक्षक भर्ती 2022 के अभ्यर्थियों में नाराजगी , 7 महीने बाद भी नियुक्ति नहीं , मानसिक और आर्थिक संकट गहराया

चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों को अब तक नहीं मिली जॉइनिंग
शिक्षक भर्ती 2022 के अभ्यर्थियों में नाराजगी , 7 महीने बाद भी नियुक्ति नहीं , मानसिक और आर्थिक संकट गहराया
भोपाल यश भारत। माध्यमिक एवं प्राथमिक भर्ती प्रक्रिया 2022 के चयनित अभ्यर्थियों को अब तक जॉइनिंग नहीं मिलने से उनमें भारी नाराजगी है। चयनित अभ्यर्थियों ने शासन और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और चयन सूची जारी होने के बावजूद पिछले सात महीनों से उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई है। इससे हजारों चयनित उम्मीदवार मानसिक और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि नियमों के अनुसार चयन सूची जारी होने के तीन माह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी होना चाहिए, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया अधूरी है। अभ्यर्थियों ने सामान्य प्रशासन विभाग के मंत्रालय भोपाल के पत्र क्रमांक एफ 3-17/2014/1/3 दिनांक 18 दिसंबर 2014 का हवाला देते हुए बताया कि बोर्ड के माध्यम से चयन सूची जारी होने की तिथि से अधिकतम तीन माह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी करना अनिवार्य है। पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि किसी भी स्थिति में वैधता अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव मान्य नहीं होगा और देरी की स्थिति में संबंधित विभाग प्रमुख जिम्मेदार होंगे। चयनित अभ्यर्थियों ने शासन से मांग की है कि उनकी जॉइनिंग प्रक्रिया में हो रही देरी को तत्काल समाप्त किया जाए और शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी किए जाएं। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण उनके सामने रोजगार और आर्थिक स्थिरता का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रदेशभर के चयनित अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जॉइनिंग नहीं दी गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रोटेस्ट के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई







