महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति के लिए पुलिस कमिश्नर ने बरखेड़ी में किया सीधा संवाद

महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति के लिए पुलिस कमिश्नर ने बरखेड़ी में किया सीधा संवाद
भोपाल,यशभारत। महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति अभियान के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने जहांगीराबाद थाना अंतर्गत बरखेड़ी क्षेत्र में आयोजित एक जन-जागरूकता कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना और नागरिकों को सुरक्षा व नियमों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने एक सुरक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए आम जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों का जिक्र करते हुए नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक और ओटीपी साझा करने से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस कमिश्नर ने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें। युवाओं को नशे की लत से दूर रहने की सलाह देते हुए उन्होंने समाज को नशा मुक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्ति के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए आश्वस्त किया।







