शादी टूटने से आहत सेल्समैन ने पिया एसिड, इलाज के दौरान मौत

शादी टूटने से आहत सेल्समैन ने पिया एसिड, इलाज के दौरान मौत
जीजा का पूर्व-मंगेतर पर गंभीर आरोप; विदिशा में साथ रहने के बाद हुआ था विवाद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना इलाके में आने वाली रतनपुर कॉलोनी करोंद में रहने वाले 24 वर्षीय युवक लखन किरार ने पूर्व-मंगेतर से हुए विवाद और शादी टूटने से क्षुब्ध होकर एसिड पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक लखन किरार चौक बाजार स्थित एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर सेल्समैन का काम करता था। उसकी शादी आगामी 10 मई को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे, लेकिन ऐन वक्त पर रिश्ता टूट गया।
मृतक के जीजा आकाश सूर्यवंशी ने आरोप लगाया है कि शादी से करीब 10 दिन पहले लखन का अपनी पूर्व मंगेतर से दोबारा संपर्क हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व मंगेतर ने लखन की एक निजी फोटो लड़की पक्ष (जिससे शादी होने वाली थी) को भेज दी, जिसके बाद वह रिश्ता भी टूट गया। जीजा का दावा है कि इस घटनाक्रम से लखन मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था।
5 दिन विदिशा में साथ रहे, फिर बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, शादी टूटने के बाद लखन अपनी उसी पूर्व मंगेतर के साथ विदिशा रहने चला गया था। कुछ दिनों बाद दोनों वापस भोपाल लौटे और यहां साथ रहने लगे, लेकिन जल्द ही उनके बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। जीजा आकाश का कहना है कि युवती ने लखन के साथ आगे रहने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया और उसे छोड़कर अलग हो गई। युवती ने कथित तौर पर कहा कि उसे सिर्फ सबक सिखाना था।
जांच में जुटी पुलिस, सुसाइड नोट नहीं मिला
लगातार मिल रहे झटकों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर लखन ने 18 जून की रात को घर में रखा एसिड पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गई। निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब मृतक और युवती के कॉल रिकॉर्ड्स व चैट की जांच कर रही है। परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







