डीडीओ पावर में देरी से वेतन संकट, 10 कॉलेजों के 1000 कर्मचारी प्रभावित – प्रशासनिक प्रक्रिया अटकने से रुका वेतन भुगतान

डीडीओ पावर में देरी से वेतन संकट, 10 कॉलेजों के 1000 कर्मचारी प्रभावित
– प्रशासनिक प्रक्रिया अटकने से रुका वेतन भुगतान
भोपाल, यश भारत। राजधानी के हमीदिया कॉलेज और उसके अंतर्गत संचालित कॉलेजों के करीब एक हजार कर्मचारियों को मार्च माह का वेतन अब तक नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज में नए प्राचार्य की नियुक्ति के बाद उन्हें समय पर डीडीओ (ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर) पावर नहीं मिलने के कारण वेतन का आहरण और वितरण नहीं हो सका। प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी के चलते यह स्थिति बनी है।
जानकारी के अनुसार अप्रैल माह की शुरुआत में हमीदिया कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य डॉ. अनिल शिवानी का तबादला हो गया था। इसके बाद नए प्राचार्य के रूप में डॉ. रचना मिश्रा ने कार्यभार संभाला, लेकिन उन्हें तत्काल डीडीओ पावर नहीं मिल सकी। इसी कारण कर्मचारियों के वेतन बिल तैयार नहीं हो पाए और भुगतान की प्रक्रिया रुक गई।
हमीदिया कॉलेज के अंतर्गत कुल 10 कॉलेज आते हैं, जिनमें 4 शासकीय और 6 अशासकीय अनुदान प्राप्त कॉलेज शामिल हैं। इन सभी संस्थानों के करीब एक हजार कर्मचारी इस समस्या से प्रभावित हुए हैं। इनमें प्रोफेसर, सहायक कर्मचारी और अन्य स्टाफ शामिल हैं। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि महीनेभर की सैलरी न मिलने से घर का बजट प्रभावित हो गया है। कई लोगों को बैंक की ईएमआई और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करेगा।
इस संबंध में हमीदिया कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रचना मिश्रा ने बताया कि उन्हें अब डीडीओ पावर मिल गई है और वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनके अनुसार गुरुवार को सभी कॉलेजों के कर्मचारियों के वेतन बिल तैयार कर दिए गए हैं और सोमवार तक सभी कर्मचारियों के खाते में वेतन पहुंच जाएगा।







