10 विश्वविद्यालयों में कुलसचिवों की पदस्थापना, आरडीवीवी के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल को गुना भेजा

10 विश्वविद्यालयों में कुलसचिवों की पदस्थापना, आरडीवीवी के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल को गुना भेजा
जबलपुर , यश भारत। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में कुलसचिवों की पदस्थापना को लेकर आदेश जारी किया है। 1 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत पदोन्नत कुलसचिवों को आगामी आदेश तक अलग-अलग विश्वविद्यालयों में तत्काल प्रभाव से पदस्थ किया गया है।आदेश के अनुसार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल को क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना का कुलसचिव पदस्थ किया गया है। इसी तरह सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के डी.के. बडगा को जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर का कुलसचिव बनाया गया है।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के प्रवल खरे को वहीं कुलसचिव पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि रचना ठाकुर को डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू भेजा गया है। अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, भोपाल के लिए स्वाति वर्मा की पदस्थापना की गई है। राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा में शैलेन्द्र कुमार जैन को कुलसचिव बनाया गया है। इसके अलावा अजय वर्मा को क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन, अजीत श्रीवास्तव को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल तथा सुषमा सैयाम को महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट की जिम्मेदारी दी गई है।
सात दिन में संभालना होगा कार्यभार
आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को सात दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।







