बरगी डैम हादसा: मयूरन का शव कोयंबटूर रवाना, कामराज और बेटे के शव दिल्ली होते हुए भेजे जाएंगे त्रिची
जबलपुर, यश भारत।

बरगी डैम हादसा: मयूरन का शव कोयंबटूर रवाना, कामराज और बेटे के शव दिल्ली होते हुए भेजे जाएंगे त्रिची
जबलपुर, यश भारत। बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में रविवार को लापता दो लोगों के शव बरामद होने के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने सुबह करीब 6 बजे 9 वर्षीय मयूरन का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया। इसके बाद सुबह लगभग 10 बजे कामराज आर. का शव भी पानी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार तमिलनाडु के त्रिची निवासी मयूरन अपने रिश्तेदारों के यहां जबलपुर आया हुआ था और परिवार के साथ घूमने बरगी डैम पहुंचा था, जहां वह हादसे का शिकार हो गया। मयूरन का शव बरामद होने के बाद राहत टीमों ने दूसरे लापता व्यक्ति की तलाश तेज की, जिसके बाद कामराज का शव भी मिल गया। इससे पहले शनिवार शाम को श्रीतमिल (5) और विराज (5) के शव भी बरामद किए गए थे।

उल्लेखनीय है कि 30 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी डैम में डूब गया था, जिसके बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
इधर हादसे में मृतकों के शवों को उनके गृह राज्य भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मयूरन का शव चार्टर्ड विमान के जरिए डुमना एयरपोर्ट से कोयंबटूर के लिए रवाना कर दिया गया है। वहीं कामराज और उनके बेटे के शव रविवार शाम करीब 7 बजे से 7:30 बजे के बीच चार्टर विमान से पहले दिल्ली भेजे जाएंगे, जहां से उन्हें त्रिची के लिए रवाना किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक कामराज के भाई जबलपुर पहुंच चुके हैं। खमरिया अस्पताल से एम्बुलेंस के जरिए शवों को डुमना एयरपोर्ट लाया जा रहा है। एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। कलेक्टर, एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी व्यवस्था की कमान संभाल रखी है और परिजनों की सहायता के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है।







