भोपालमध्य प्रदेश

बिजली बिल कम करना अब आपके हाथ में , छोटी छोटी आदतों में बदलाव से बचाएं सैकड़ों रुपये, ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग पर जोर

बिजली बिल कम करना अब आपके हाथ में , छोटी छोटी आदतों में बदलाव से बचाएं सैकड़ों रुपये, ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग पर जोर

भोपाल,यश भारत। बढ़ते बिजली बिल को लेकर अक्सर लोग स्मार्ट मीटर या बिजली कंपनी को जिम्मेदार ठहराते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि बिजली की अधिक खपत ही बिल बढ़ने का मुख्य कारण होती है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली बचत के सरल उपाय अपनाकर अपने मासिक बिल को नियंत्रित कर सकते हैं। इसके लिए केवल दैनिक उपयोग की आदतों में कुछ बदलाव करने की आवश्यकता है। अधिकांश लोग टीवी म्यूजिक सिस्टम एसी और अन्य रिमोट संचालित उपकरणों को पूरी तरह बंद करने के बजाय स्टैंडबाय मोड में छोड़ देते हैं। इससे उपकरण बंद दिखाई देते हैं लेकिन उनमें बिजली का प्रवाह जारी रहता है और अनावश्यक ऊर्जा खर्च होती रहती है। अरेरा कॉलोनी के एक सेवानिवृत्त अधिकारी का उदाहरण देते हुए कंपनी ने बताया कि वे रिमोट संचालित उपकरणों को स्टैंडबाय मोड में नहीं छोड़ते जिसके कारण उनका बिजली बिल सामान्यत  500 से 1500 रुपये के बीच ही रहता है। वहीं एक सर्वेक्षण के अनुसार करीब 70 प्रतिशत लोग टीवी को केवल रिमोट से बंद करते हैं। इससे टीवी में लगातार बिजली की खपत होती रहती है और उपभोक्ताओं को हर महीने अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। स्टैंडबाय मोड और पुराने उपकरण बढ़ाते हैं खर्च टीवी म्यूजिक सिस्टम एसी और कंप्यूटर जैसे उपकरण स्टैंडबाय मोड में भी 5 से 15 वॉट तक बिजली खर्च करते हैं। यदि किसी उपकरण को लंबे समय तक केवल स्टैंडबाय मोड में छोड़ा जाए तो हर महीने अनावश्यक बिजली खर्च बढ़ सकता है। कंप्यूटर उपयोगकर्ताओं को सलाह दी गई है कि मॉनिटर और अन्य उपकरणों को स्लीप मोड में रखें तथा उपयोग न होने पर पूरी तरह बंद करें। एलईडी मॉनिटर पारंपरिक सीआरटी मॉनिटर की तुलना में कम बिजली खर्च करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि 24 घंटे लगातार चालू रखा गया कंप्यूटर कई बार ऊर्जा दक्ष फ्रिज से भी अधिक बिजली खर्च करता है। एलईडी और ऊर्जा दक्ष पंखे बन रहे बचत का बेहतर विकल्प एलईडी बल्ब बिजली बचत का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। एक 40 वॉट के सामान्य बल्ब जितनी रोशनी 4 से 5 वॉट का एलईडी बल्ब प्रदान कर सकता है। एलईडी बल्ब अधिक टिकाऊ होने के साथ कम बिजली खर्च करते हैं और गर्म भी कम होते हैं। इसी तरह बीईई फाइव स्टार रेटेड पंखे और उच्च दक्षता वाले सीलिंग फैन भी बिजली बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक व्यवसायी द्वारा एलईडी बल्ब, एलईडी ट्यूबलाइट और ऊर्जा दक्ष पंखों का उपयोग करने पर उनके घर की बिजली खपत में लगभग 30 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई। फ्रिज और एसी के सही उपयोग से भी होगी बड़ी बचत  फ्रिज को दीवार सीधी धूप या गर्मी देने वाले उपकरणों के पास न रखें। कंडेंसर कॉयल की नियमित सफाई और समय समय पर डीफ्रॉस्टिंग से बिजली की बचत की जा सकती है। फ्रिज के दरवाजे की गास्केट में लीकेज होने पर भी बिजली की खपत बढ़ जाती है। एयर कंडीशनर के लिए 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान सबसे उपयुक्त माना गया है। साफ एयर फिल्टर टाइमर का उपयोग और घर के आसपास हरियाली बनाए रखने से एसी की बिजली खपत में काफी कमी लाई जा सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार पेड़ पौधों की छाया वाले घरों में एसी की ऊर्जा खपत में 40 प्रतिशत तक कमी संभव है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से ऊर्जा दक्ष उपकरण अपनाने और अनावश्यक बिजली खपत से बचने की अपील की है, ताकि बिजली की बचत के साथ घरेलू बजट पर पड़ने वाला अतिरिक्त बोझ भी कम किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button