भोपालमध्य प्रदेश

एमपी में मावठे की आहट: ग्वालियर-चंबल समेत 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, 26 जनवरी से और बिगड़ेगा मौसम

एमपी में मावठे की आहट: ग्वालियर-चंबल समेत 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, 26 जनवरी से और बिगड़ेगा मौसम

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, भोपाल-इंदौर में छाए बादल, दिन के तापमान में आई भारी गिरावट

सीजन में पहली बार सक्रिय हुआ स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस, कटनी का करौंदी 4.9 डिग्री के साथ सबसे सर्द

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच अब बारिश का संकट मंडराने लगा है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी और सक्रिय हुए ‘वेस्टर्न डिस्टरबेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के उत्तरी हिस्से के जिलों में बारिश और बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। यदि बारिश होती है, तो यह इस मानसून सीजन के बाद का पहला ‘मावठा’ होगा।

इन जिलों में येलो अलर्ट मौसम केंद्र के अनुसार, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। बादलों की वजह से धूप कमजोर पड़ गई है, जिससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

26 जनवरी से बढ़ेगी मुश्किल सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वर्तमान सिस्टम के बाद 26 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक और अधिक शक्तिशाली वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसका सीधा असर मध्यप्रदेश पर पड़ेगा, जिससे गणतंत्र दिवस के आसपास प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की स्थिति बन सकती है।
कोहरे की चपेट में प्रदेश बारिश की संभावना के साथ-साथ कोहरे ने भी रफ्तार रोक दी है। गुरुवार को ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, सतना और रीवा समेत कई जिलों में ‘मॉडरेट’ कोहरा दर्ज किया गया। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक सुबह के समय विजिबिलिटी 500 मीटर से कम रह सकती है।

प्रदेश में कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर 9.0 डिग्री के साथ सबसे ठंडा महानगर रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 11.2, इंदौर में 13.6 और जबलपुर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह मावठा गेहूं और चने की फसल के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, लेकिन ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है।

प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
करौंदी (कटनी): 4.9°C
नौगांव: 6.5°C
उमरिया: 6.9°C
ग्वालियर: 9.0°C
भोपाल: 11.2°C

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button