जबलपुर में साइको हिटर: ‘घरों की काम वाली’ को देखते ही पीछे से मारकर भाग जाता है ‘बाइक वाला लडक़ा’

जबलपुर, यशभारत। हम जैसे ही घर का काम करके बाहर निकलती हैं, वो पता नहीं कहां से आ जाता है, हम जब तक कुछ समझ पाते हैं वो हमारे पीछे जोर से हाथ मारकर अचानक गायब हो जाता है। कभी कभी तो सामने से आकर छाती पर…(हादसा बताते-बताते गला भर आया, आंखों से आंसू आ बहने लगे, थोड़ा रुकने के बाद) भर ताकत हाथ लगा देता है। उसका चेहरा हमने आज तक नहीं देखा। वो काली बाइक में हेलमेट पहनकर आता है। किसी गली से निकल जाएं, वो हमारे आगे पीछे हाथ लगाने से बाज नहीं आ रहा है। ये बात सुनीता(बदला हुआ नाम) ने बताई, जो संजीवनी नगर क्षेत्र के घरों में झाड़ू पोछा, बर्तन धोने समेत अन्य काम करने घर घर जाती है।
दरअसल, पिछले एक पखवाड़े से संजीवनी नगर के गुलमोहर गार्डन, सर्वे ऑफ इंडिया ऑफिस रोड, दुर्गा कॉलोनी क्षेत्र में घरों में काम करने वाली महिलाओं के साथ एक साइको बाइकर उन्हें मारकर भाग जाता है। उक्त बाइकर काली बाइक में सिर पर हेलमेट, हाथों में ग्लब्ज पहनकर आता है और महिलाओं के पीठ के नीचे और छाती में जोरदार हाथ मारते हुए भाग जाता है। जिसके बाद यहां काम करने आने वाली महिलाओं में दहशत का माहौल है। इस तरह की घटना एक दर्जन महिलाओं के साथ हो चुकी है, घरों की परेशानियों और परिजनों के डर के चलते कई ने शिकायत करने तक सामने नहीं आ रही हैं।
काम वाली नहीं तो कोई भी बन जाती है शिकार
गुलमोहर गार्डन रोड पर रहने वाली एक संभ्रांत महिला ने बताया पिछले एक सप्ताह में जब उक्त बाइकर की दहशत बढ़ी तो काम वाली महिलाएं सतर्क होकर चलने लगीं। ऐसे में जब उसे कोई नहीं मिलती तो घरों के बाहर टहल रहीं महिलाओं, वृद्धाओं के साथ वही बदसलूकी होने लगी है।