पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, पति की चाकू मारकर हत्या, तिलवारा थाना क्षेत्र के जोधपुर पड़ाव की घटना, तीन अज्ञात आरोपी फरार

जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के जोधपुर पड़ाव इलाके में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पत्नी के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। तीन अज्ञात युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर पड़ाव निवासी दस्सीलाल बसोड़ (47) रात अपने परिवार के साथ झोपड़ी में सो रहे थे। रात करीब 2:30 बजे उनकी पत्नी लघुशंका के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे और महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।
महिला के शोर मचाने पर दस्सीलाल अपने बेटे के साथ बाहर पहुंचे और आरोपियों का विरोध किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि एक युवक ने धारदार चाकू से दस्सीलाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन गंभीर हालत में दस्सीलाल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।







