तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से प्रोफेसर की मौत

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से प्रोफेसर की मौत
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। तलैया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल सडक़ पार कर रहे इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर को टक्कर मार कर घायल कर दिया था। हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान कल उनकी मौत हो गई। इधर, कमला नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार आटो ने एक राहगीर युवक को टक्कर मार कर घायल कर दिया था। हादसे के बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एसआई भगत सिंह काकोडिय़ा ने बताया कि दुर्गा चौक तलैया निवासी अजय स्वरूप पुत्र सानिध्य स्वरूप(55) सीहोर स्थित प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर थे। गत 7 अगस्त को वह व्हीआईपी रोडपर टहलने पहुंचे थे। जहां से घर लौटते वक्त वह रेतघाट के पास पैदल सडक़ पार कर पुलिस चौकी की ओर जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मर दी थी। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई थी। परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर कल उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आटो ने राहगीर को टक्कर मारी, मौत-
कमला नगर थाना के एएसआई आरडी यादव ने बताया कि मांडवा बस्ती निवासी पप्पू डोडियार पुत्र लालू(30) मजदूरी करता था। मंगलवार को वह नेहरू नगर चौराहा के पास से पैदल गुजर रहा था। जब वह एचडीएफसी बैंक के सामने पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार सवारी आटो ने उसे टक्कर मार कर घायल कर दिया। हादसे के बाद घायल युवक को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी बीती रात मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मर्चुरी में रखवा दिया था, जहां पर आज पीएम के बाद शव परिजनों को सोँप दिया गया।







