निर्मला सप्रे के बयान पर सियासत गरम कांग्रेस बोली भाजपा ने किया उपयोग, बीना जिला कांग्रेस सरकार में ही बनेगा

निर्मला सप्रे के बयान पर सियासत गरम
कांग्रेस बोली भाजपा ने किया उपयोग, बीना जिला कांग्रेस सरकार में ही बनेगा
भोपाल यश भारत। सोशल मीडिया पर विधायक निर्मला सप्रे के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से 300 करोड़ रुपए की मांग और बीना को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और निर्मला सप्रे पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि निर्मला सप्रे आखिर 300 करोड़ रुपए किस बात के लिए मांग रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह राशि उनकी खुद की बोली के रूप में मांगी जा रही है या फिर जनता के विकास कार्यों के लिए। यदि यह मांग जनता के विकास के लिए है तो उन्हें यह राशि भाजपा सरकार से मांगनी चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने निर्मला सप्रे का सिर्फ राजनीतिक उपयोग किया है और अब वे भाजपा के ट्रैप में फंस गई हैं। उन्होंने दावा किया कि बीना को जिला बनाने का काम भाजपा सरकार कभी नहीं करेगी। जब भी बीना जिला बनेगा, वह कांग्रेस सरकार में ही बनेगा। जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि निर्मला सप्रे अपने विधानसभा क्षेत्र में दौरा नहीं कर रही हैं क्योंकि उन्हें पता है कि जनता उनसे नाराज है। उन्होंने कहा कि जनता इंतजार कर रही है कि विधायक क्षेत्र में आएं तो उन्हें वास्तविक जनाधार का पता चल सके। कांग्रेस ने यह भी कहा कि पार्टी कोर्ट के माध्यम से बीना में उपचुनाव कराने की लड़ाई लड़ेगी।







