8 माह में बाईस सौ से ज्यादा सड़क हादसे पुलिस ने संस्थाओं के साथ मिलकर शुरू किया जागरूकता अभियान

जबलपुर, यशभारत। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से, जबलपुर पुलिस एवं जबलपुर ऐस राउंड टेबल 365 संस्था के संयुक्त प्रयास से एक सप्ताह का यातायात जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी व सामाजिक संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य
* हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने की आदत को बढ़ावा देना।
* सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करना।
* यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनवरी से अगस्त 2025 तक जिले में 2273 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें से 211 मौतें केवल हेलमेट न पहनने की वजह से हुईं। उन्होंने कहा कि मृत्यु दर को कम करने के लिए जन-जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है।
इस अभियान के अंतर्गत:
* सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, फ्लेक्स, पोस्टर, और पंपलेट के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है।
* विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सबिलिटी (CSR) के अंतर्गत निजी कंपनियों का सहयोग लिया जा रहा है।
इस अवसर पर जबलपुर ऐस राउंड टेबल 365 के चेयरमैन आनंद शामदासानी सहित संस्था के कई प्रमुख सदस्य, तथा यातायात पुलिस के अधिकारी व स्टाफ मौजूद थे।







