हाईकोर्ट से ‘न्याय सारथी’ की शुरुआत: अब गांव-गांव पहुंचेगी मुफ्त कानूनी मदद”
हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया गया रवाना

जबलपुर,यशभारत। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को सुलभ, त्वरित और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “न्याय सारथी” मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। इस अभिनव योजना के अंतर्गत राज्य के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों को विशेष रूप से तैयार किए गए वाहनों की सुविधा प्रदान की गई है। ये “न्याय सारथी” वाहन दूरस्थ, ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी परामर्श, सहायता एवं जागरूकता प्रदान करेंगे।
इससे उन लोगों को विशेष लाभ मिलेगा, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से न्यायालय तक नहीं पहुंच पाते। इन मोबाइल विधिक सहायता क्लीनिकों का फ्लैग ऑफ समारोह मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां माननीय मुख्य न्यायमूर्ति द्वारा विधिवत हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि “न्याय सारथी” के माध्यम से न केवल कानूनी सहायता दी जाएगी, बल्कि लोगों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं कानूनी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक भी किया जाएगा, जिससे समाज में न्याय के प्रति विश्वास और सशक्त होगा।






