भोपालः देर रात शराब बेचने वाली 30 दुकानों पर केस दर्ज

भोपालः देर रात शराब बेचने वाली 30 दुकानों पर केस दर्ज
भोपाल, यशभारत : राजधानी में आबकारी विभाग ने देर रात तक निर्धारित समय के बाद शराब बेचने वाली दुकानों के खिलाफ एक प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद आबकारी विभाग की टीमों ने 28 नवंबर की देर रात शहर भर की मदिरा दुकानों की सघन जाँच की। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन और नियंत्रण कक्ष प्रभारी रामगोपाल भदौरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आबकारी दल ने अलग-अलग टीमों का गठन कर शहर की सभी मदिरा दुकानों पर निर्धारित समय के बाद अवैध रूप से हो रहे मदिरा विक्रय की जांच की।

चेकिंग के दौरान देर रात तक शराब बेचते पाए गए विक्रेताओं के विरुद्ध लगभग 30 प्रकरण विधिवत दर्ज किए गए। जिन दुकानों पर खुली खिड़कियों के माध्यम से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी, उन्हें आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही वेल्डिंग करवा दिया।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि बार-बार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर यह व्यापक कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी देर रात मदिरा विक्रय पर रोक लगाने के लिए ऐसी प्रभावी कार्यवाहियां जारी रहेंगी। इस कार्रवाई के दौरान पूरा मैदानी जिला आबकारी अमला मुस्तैदी से डटा रहा। आबकारी विभाग की इस पहल को अवैध शराब विक्रय पर नियंत्रण रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






