मेट्रो निर्माण की जद में आ रहे मकानों-दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी , मुआवजे को लेकर व्यापारियों और मकान मालिकों में नाराजगी, कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में उठाएंगे मामला

मेट्रो निर्माण की जद में आ रहे मकानों-दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी
मुआवजे को लेकर व्यापारियों और मकान मालिकों में नाराजगी, कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में उठाएंगे मामला
भोपाल,यश भारत। राजधानी के चिकलोद रोड पर मेट्रो निर्माण की जद में आ रहे मकानों और दुकानों को हटाने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित कार्रवाई से पहले मुआवजे को लेकर स्थानीय व्यापारियों और मकान मालिकों में नाराजगी है। कुछ प्रभावितों को मुआवजा मिल चुका है, जबकि कई लोग अब भी मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। इसी समस्या को लेकर शनिवार देर शाम राजधानी पेट्रोल पंप के सामने व्यापारियों और मकान मालिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित लोगों ने अपने दस्तावेजों की जांच की और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांग प्रशासन के सामने रखने का निर्णय लिया। बैठक में तय किया गया कि सभी प्रभावित लोग कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचेंगे और कलेक्टर से मुलाकात कर मुआवजे की विसंगतियों एवं लंबित मामलों के निराकरण की मांग करेंगे। लोगों का कहना है कि मकान और दुकान हटाने की कार्रवाई से पहले सभी पात्र प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।







